मुर्तिहा रेंज के सेमरीघटही में तेंदुए के हमले में घायल युवक।
- फोटो : BAHRAICH
उर्रा (बहराइच)। सेमरीघटही के गिरधरपुर गांव निवासी एक युवक रविवार की शाम खेत की सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। आसपास के किसानों ने दौड़कर युवक को तेंदुए के जबड़े से छुड़ाया। एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सीएचसी मोतीपुर में भर्ती कराया गया है। वनकर्मियों को सूचना दी गई है।
कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र से सटे गांवों में तेंदुए की दस्तक काफी बढ़ गई है। किसी न किसी क्षेत्र में तेंदुए दस्तक दे रहे हैं। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मुर्तिहा रेंज अंतर्गत सेमरीघटही ग्राम पंचायत के गिरधरपुर निवासी भोला पाल (18) पुत्र रामशंकर पाल रविवार शाम खेत में फसलों की पंपिंग सेट से सिंचाई कर रहा था।
डीजल खत्म होने पर भोला लाने चला गया। डीजल लाने के बाद वह टंकी में डालने लगा। इसी दौरान जंगल से निकलकर आए तेंदुए ने शाम करीब पांच बजे उस पर हमला कर दिया। उसके सिर व कंधेे को तेंदुए ने जबड़े में दबोच लिया। भोला की चीख सुनकर खेत में मौजूद अन्य किसान दौड़ कर पहुंचे और हांका लगाकर भोला को छुड़ाया। ग्रामीणों की भीड़ देखकर तेंदुआ जंगल की ओर चला गया।
इसके बाद एंबुलेंस को फोन कर घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया। ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले की सूचना रेंज कार्यालय पर दी है। वनकर्मियों ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। वन क्षेत्राधिकारी आरके त्यागी ने बताया कि तेंदुए के हमले की सूचना मिली है। प्रार्थना पत्र मिलने पर मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।