ककरहा रेंज के गोकुलपुर बीट में मृत मिला तेंदुआ। - स्रोत : ग्रामीण
मिहींपुरवा। गोकुलपुर बीट में शनिवार को जंगल में वन कर्मियों की गश्ती टीम को एक नर तेंदुआ मृत हालत में मिला। तेंदुए की उम्र करीब आठ वर्ष बताई जा रही है। डॉक्टरों के परीक्षण में मौत का कारण आपसी संघर्ष बताया जा रहा है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी सूरज कुमार ने बताया कि ककरहा रेंज के गोकुलपुर बीट में शनिवार सुबह विभाग की टीम प्रतिदिन की तरह गश्त कर रही थी। तभी झाड़ियों से बदबू का एहसास हुआ। मौके पर पहुंची टीम को एक तेंदुआ मृत हालत में मिला।
गश्ती टीम की सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी डीपी कनौजिया को मौके पर भेजा गया। रेंज कार्यालय में तीन सदस्यीय डॉक्टरों के पैनल ने मृत तेंदुए के शव का परीक्षण किया, तो उसके नर होने का पता चला। डॉक्टरों ने बताया कि तेंदुए की मौत आपसी संघर्ष का नतीजा है।
डीएफओ ने बताया कि कई बार इलाका साझा करने के विवाद में तेंदुओं के बीच संघर्ष की स्थिति बन जाती है। परीक्षण के बाद तेंदुए के शव को जला दिया गया है। इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी सूरज कुमार, डॉ. दयाशंकर, डॉ. दीपक कुमार, दबीर हसन, मोहम्मद फैज सहित वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।