शिवपुर। बाजपुरवा गांव में बृहस्पतिवार शाम घर के बाहर खेल रही बालिका पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई, उसे सीएचसी शिवपुर से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बाजपुरवा गांव निवासी तसव्वर की पुत्री आफरीन (7) बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे घर के दरवाजे पर खेल रही थी। घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बच्ची की चीख सुनकर लोग दौड़े और हांका लगाना शुरू किया। इस पर तेंदुआ बालिका को छोड़कर झाड़ियों में चला गया।
हमले में आफरीन के सिर और चेहरे पर गंभीर जख्म हो गए हैं। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर ले गए। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
घटना गांव में दहशत फैल गई है, गांव के लोग सहमे हुए हैं। डीएफओ सुंदरेसा ने बताया कि टीम मौके पर पहुंची है। पगचिह्नों से तेंदुए के हमले की पुष्टि हुई है।
-
इलाके में दो से तीन तेंदुओं के होने की आशंका
बहराइच वन प्रभाग के डीएफओ सुंदरेसा ने बताया कि गांव सरयू के कछार में है। इलाके में दो से तीन तेंदुओं के होने की आशंका है, ऐसे में ग्रामीणों को सजग रहने के निर्देश दिए गए हैं। 24 घंटे निगरानी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।
लगाए जा रहे हैं दो पिंजरे
डीएफओ ने बताया कि जंगली जानवर द्वारा एक बच्ची को घायल करने की सूचना मिली है। क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए दो पिंजरे लगाए जा रहे हैं, ताकि उसे जल्द से जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जा सके।