मोतीपुर रेंज के नौसर गुमटिहा गांव निवासी एक मासूम गुरुवार दोपहर बाद खेत में काम कर रहे पिता को खाना देने जा रहा था तभी रास्ते में गन्नेे के खेत में छिपे बैठे तेंदुए ने हमला कर उसे मार डाला। देर शाम को घटना की जानकारी परिवार के लोगों को हुई, तब कोहराम मचा। सूचना पाकर वनाधिकारी मौके पर पहुंचे। खेत से शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं। इससे गांव के लोगों में दहशत भी है।
बरसात के साथ ही जंगल से तेंदुए आबादी में पहुंचने लगे हैं। कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र के मोतीपुर रेंज अंतर्गत नौसर गुमटिहा मटेही गांव जंगल से सटा हुआ है। गांव निवासी विनोद चौहान गुरुवार सुबह खेत में काम करने के लिए निकले थे। देर होने के चलते वह घर नहीं आ सके।
ऐसे में दोपहर एक बजे के आसपास विनोद की पत्नी ने 10 वर्षीय पुत्र मुकेश चौहान को पिता के लिए खाना देकर खेत भेज दिया लेकिन मुकेश खेत नहीं पहुंचा। रास्ते में ही गांव से 200 मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में छिपे बैठे तेंदुए ने हमला कर उसे चबा लिया।
खेत में काम निपटाकर शाम तीन बजे के आसपास जब पिता घर जा रहा था तो रास्ते में बेटे की चप्पल व घर के बर्तन पड़े देखे, इस पर उसे शक हुआ तो लोगों के साथ खोजबीन शुरू की। पगडंडी से कुछ दूरी पर खेत के अंदर बेटे का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया।
परिवारीजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी खुर्शीद आलम, डीएफओ जीपी सिंह भी टीम के साथ गांव पहुंचे हैं। डीएफओ ने बताया कि तेंदुए के हमले में मुकेश की मौत हुई है। मौके पर तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं। डीएफओ ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है। आसपास गांव के ग्रामीणों को अलर्ट कर दिया गया है।
श्रावस्ती में लकड़बग्घे ने बच्चे को बनाया निवाला : हेमपुर बड़रहवा के मजरा बड़रहवा में बुधवार रात मां के साथ बरामदे में सो रहे एक मासूम को लकड़बग्घा उठा ले गया। काफी तलाश के बाद उसका अस्थि पंजर गांव के बाहर एक घर के पीछे पड़ा मिला। सिरसिया पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम हेमपुर बड़रहवा के मजरा बड़रहवा निवासी शमसुद्दीन की पत्नी बुधवार रात गर्मी अधिक होने के कारण पुत्र हसमैन खां (1) के साथ बरामदे में सो रही थी। रात करीब एक बजे महिला की आंख खुलने पर पास में लेटा मासूम हसमैन नदारद था।
बेटे को नदारद देख महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। पास में लेटे पति सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने रात में ही ग्रामीणों के सहयोग से हसमैन की तलाश शुरू कर दी। काफी तलाश के बाद गांव के बाहर नन्हेके घर के पीछे हसमैन का सिर व पैर पड़ा मिला।
इस दौरान लोगों ने देखा कि वहां लकड़बग्घे के पैर के निशान मौजूद थे। परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने लाश का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक सिरसिया बृजेश कुंवर यादव बताते हैं कि घटनास्थल पर मिले निशान से प्रतीत होता है कि लकड़बग्घा ही रहा होगा। मिले अस्थि पंजर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।