बहराइच के कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को धरना-प्रदर्शन करते लेखपाल संघ के पदाधिकारी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। सरकार एस्मा लगाकर लेखपालों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। मगर लेखपाल अब दोगुने उत्साह के साथ आंदोलन को तेज करेंगे। एस्मा लगाकर सरकार लेखपालों की आवाज को नहीं दबा सकती है। धरना-प्रदर्शन के दौरान यह बातें लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष जयराज सिंह ने कहीं। वहीं, तहसीलों में कामकाज ठप होने से लोगों को परेशानी हो रही है।
कलेक्ट्रेट के धरनास्थल पर मंगलवार को आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष जयराज सिंह ने कहा कि सरकार एस्मा से हड़ताल को दबाने का प्रयास कर रही है, मगर अब लेखपाल आंदोलन के लिए कमर कस चुके है। जिला मंत्री त्रियुगीनरायन शुक्ला ने कहा कि सरकार सेवा से बर्खास्तगी, जेल भेजने तथा विभागीय कार्रवाई का डर दिखाकर लेखपालों के आंदोलन को नहीं दबा सकेगी। सभी लेखपाल आर-पार की लड़ाई का संकल्प ले चुके हैं।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिले के नानपारा, महसी, कैसरगंज, मोतीपुर, पयागपुर आदि सभी तहसीलों के लेखपाल धरना-प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैँ। इस दौरान जिला मंत्री ने कहा कि आठ सूत्री मांगों को पूरा नहीं किए जाने तक लेखपाल आंदोलन वापस नहीं लेंगे। इस मौके पर महेंद्र कुमार मिश्रा, रोहित शुक्ल, अवधेश कुमार, किरन यादव, प्रतिभा चौधरी, रजना यादव, प्रीती मिश्रा, दीपिका दीक्षित, सौरभ शर्मा, राजन पांडेय, सुनील अवस्थी, मुकेश यादव, मनीष वर्मा आदि मौजूद रहे।