बहराइच में डीएम चौराहे पर प्रदर्शन करते अधिवक्ता। - स्रोत : अधिवक्ता
बहराइच। नगर कोतवाली क्षेत्र में अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में हत्या के प्रयास की धारा न लगाए जाने से नाराज अधिवक्ताओं ने शुक्रवार देर रात सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट चौराहे पर बौद्ध परिपथ मार्ग करीब आधे घंटे तक जाम रहा। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
शहर के वशीरगंज निवासी अधिवक्ता आशीष कुमार त्रिवेदी शुक्रवार शाम कचहरी से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में ई रिक्शा हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने लाठी-डंडे से उन पर हमला कर दिया। अधिवक्ता के अनुसार, हमलावर घर तक पहुंच गए और उनकी मां तथा बेटी की भी पिटाई कर दी।
पीड़ित की तहरीर के बावजूद हल्की धाराओं में कार्रवाई किए जाने से अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। देर रात करीब आठ बजे बड़ी संख्या में अधिवक्ता कलेक्ट्रेट चौराहे पर जुटे व नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी।
सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद सहित अन्य अधिकारियों ने मामले की फिर से जांच कर उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने का आश्वासन दिया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
पुलिस का कहना है कि तहरीर में लगाए गए आरोपों व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच की जा रही है। साक्ष्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।