पॉलीटेक्निक की छात्राओं के साथ प्राचार्य द्वारा अभद्रता के मामले में आक्रोशित छात्रों का प्रदर्शन मंगलवार देर रात तक चला। अधिकारियों द्वारा कार्रवाई के आश्वासन पर छात्र शांत हुए। उधर, प्राचार्य ने पलटवार करते हुए दो छात्राओं को नामजद कर अन्य कई पर आवास पर तोड़फोड़ करने के साथ ही कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
दो दिन पूर्व पॉलीटेक्निक कॉलेज की तीन छात्राओं ने प्राचार्य सुरेंद्र पाल पर कमरे में बुलाकर अश्लीलता व अभद्रता करने का आरोप लगाया था। मामले में प्राचार्य के खिलाफ दरगाह थाने में रविवार को छेड़छाड़ का केस भी दर्ज हुआ था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
इससे गुस्साए छात्रों ने मंगलवार देर शाम आसाम रोड कल्पीपारा चौराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान लाठीचार्ज और पथराव भी हुआ। जिसमें कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक जेएन शुक्ला लहूलुहान हो गए। वहीं, छात्र शिवकुमार समेत छह को चोटें आईं। देर रात करीब 10 बजे 24 घंटे में अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, तब छात्र शांत हुए। हालांकि अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।
उधर, प्राचार्य ने दरगाह एसओ व संयुक्त निदेशक प्राविधिक शिक्षा को पत्र भेजकर छात्र-छात्राओं पर गंभीर आरोप मढ़े हैं। प्राचार्य का कहना है कि दो छात्राओं की अगुवाई में उनके आवास पर हमला कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर तोड़फोड़ की गई। प्राचार्य ने अमर्यादित ढंग से जवाब देने पर अभिभावकों को बुलाने की बात कही है।
प्राचार्य का कहना है कि अभिभावकों को न बुलाना पड़े, इसके लिए साजिश रची गई। प्राचार्य ने दो छात्राओं व एक छात्र पर प्रैक्टिकल का नंबर हासिल करने के लिए साजिश रचने का भी आरोप मढ़ा है। इस मामले में दरगाह थाने के प्रभारी निरीक्षक एहतराम जैदी का कहना है कि प्राचार्य का शिकायती पत्र मिला है। जांच के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई करेंगे।