मिहींपुरवा (बहराइच)। घर से मजदूरी के लिए निकले बेलहरन निवासी जगदीश (40) का शव मंगलवार की रात संदिग्ध हालात में गन्ने के खेत में लहूलुहान पड़ा मिला। जगदीश के सिर व शरीर के अन्य अंगों पर चोट के निशान मिले हैं। इससे जगदीश की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, पुलिस जंगली जानवर के हमले की बात कहकर जांच में जुटी है।
मोतीपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेलहन निवासी ज्वाला प्रसाद ने बताया कि उनके भाई जगदीश मंगलवार की सुबह कटहल बेचने गए थे। घर वापस आने के बाद ग्राम प्रधान का कोई आदमी उन्हें मनरेगा कार्य की मजदूरी के लिए निर्माणाधीन तालाब की ओर बुला ले गया था। वहां फोटो खिंचने के बाद गांव के अन्य लोग लौट आए, लेकिन जगदीश नहीं लौटे। शाम तक जगदीश के न लौटने पर सभी चिंतित हुए और उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान देर शाम जगदीश का शव गांव से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर निर्माणाधीन तालाब के पास गन्ने के खेत में पड़ा मिला। भाई ज्वाला प्रसाद ने आरोप लगाया कि जगदीश के सिर में गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जो हत्या की ओर इशारा करता है।
जली हुई दिख रही थी पीठ की खाल
ग्रामीणों ने बताया कि जगदीश के सिर, गले व अन्य जगहों से खून निकला मिला था। यही नहीं पीठ की खाल पूरी तरह से जली दिख रही थी। जो निर्ममता के साथ हत्या कर शव फेंके जाने की ओर इशारा करती है।
प्रथमदृष्टया जंगली जानवर के हमले में मौत होना लग रहा है। हर पहलू की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट में मौत की असली वजह पता चलेगी। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। -आनंद चौरसिया, थाना प्रभारी