बहराइच। चित्तौरा में स्थित कोविड लेवल-1 अस्पताल का संचालन फिर शुरू कर दिया गया है। बीते एक माह से लेवल-1 अस्पताल मरम्मीतरण के चलते बंद था। अब कोरोना संक्रमितों को चित्तौरा एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
चित्तौरा में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को कोविड लेवल-1 अस्पताल मार्च में बनाया गया था। इस अस्पताल में कोरोना संक्रमित बहराइच व श्रावस्ती के मरीज भर्ती होते थे, लेकिन अस्पताल में व्यवस्थाएं ठीक नहीं थीं, जिससे कोरोना संक्रमण एक-दूसरे में फैलने का खतरा उत्पन्न हो रहा था। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल के दरवाजे, खिड़की, प्रसाधन की मरम्मत कराने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया।
उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देश पर कोविड लेवल-1 अस्पताल में मरम्मतीकरण का कार्य शुरू हुआ। प्रथम तल में कार्य पूरा हुआ। इसके बाद द्वितीय तल पर कार्य शुरू हुआ। लगभग एक माह तक मरम्मत कराई गई। सभी काम कोविड लेवल-1 अस्पताल का पूरा कर लिया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि कोविड लेवल-1 अस्पताल का संचालन पुन: शुरू हो गया है। अब इस अस्पताल में कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जाएगा। इससे कोरोना संक्रमितों का विशेष इलाज मिलने में सफलता मिलेगी।