बहराइच। जनपद में कोरोना का संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को कोरोना से कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष की मौत हो गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई जांच रिपोर्ट के अनुसार 24 और लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें कुछ मरीजों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है तो कुछ लोगों को होम आइसोलेट करा दिया गया है। सभी मरीजों का इलाज चिकित्सकों की देखरेख में चल रहा है।
जिले में कोरोना की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। कोरोना संक्रमितों की संख्या में प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। शहर के मोहल्ला नाजिरपुरा निवासी कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष कलाम खां की तबियत लगभग 15 दिनों से खराब थी। जांच में वह कोरोना पॉजिटिव मिले थे। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इंजीनियर जेपी मिश्रा ने बताया कि उपाध्यक्ष की हालत गंभीर होने पर उन्हें बाराबंकी रेफर कर दिया गया था। मंगलवार को बाराबंकी में उनकी मौत हो गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में इलाज की उचित व्यवस्था नहीं है। जिला उपाध्यक्ष ने उचित इलाज के अभाव में दम तोड़ दिया। वहीं सीएमओ डॉ. सुरेश कुमार सिंह का कहना है कि कोरोना से मौत की अभी जानकारी नहीं हुई है।
उधर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच रिपोर्ट जारी की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि 24 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। सीएमओ ने बताया कि इनमें कुछ मरीजों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है तो कुछ लोगों को होम आइसोलेट करा दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि होम आइसोलेट संक्रमितों का रिस्पांस टीम के चिकित्सकों की देखरेख में इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संक्रमित के संपर्क में आए लोगों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग की ओर से लिए जा रहे हैं। सीएमओ ने अपील की है कि कोरोना से बचने के लिए घर से बाहर निकलते समय सभी लोग मास्क जरूर लगाएं। साथ ही सामाजिक दूरी का भी ध्यान रखें।