बहराइच। मटेरा थाना क्षेत्र के एक गांव में ट्यूशन पढ़ने के लिए निकली छात्रा का रास्ते से ही अपहरण हो गया। काफी खोजबीन के बाद मासूम का पता नहीं चला तो परिजनों ने थाने पहुंचकर अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। छात्रा के अपहरण की घटना के बारे में जानकारी मिलते ही एसपी ने एएसपी व सीओ के साथ परिजनों से मुलाकात कर उनको बरामदगी का आश्वासन दिया। एसपी ने ग्रामीणों से भी वार्ता कर जानकारी ली। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने खुलासे के लिए चार टीमें गठित की हैं। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी मासूम के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मटेरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की आठ वर्षीय बेटी गांव में अपनी बड़ी बहन के साथ ट्यूशन पढ़ने जाती थी। शनिवार को उसकी बड़ी बहन आधे घंटे पहले घर ने निकल गई थी, जबकि छोटी बहन सुबह लगभग आठ बजे घर से निकली। बड़ी बहन 9.30 बजे घर लौट आई। परिजनों ने अकेले देख छोटी बहन के न आने का कारण पू्छा तो उसने बहन के ट्यूशन में नहीं आने की बात कही। अनहोनी की आशंका में परिजनों ने बच्ची को तलाशने निकले। रिश्तेदारी में पूछताछ के दौरान कुछ पता न चल सका। थक हार कर शाम को परिजन थाने पहुंचे और अपनी आपबीती पुलिस को बताई।
थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने परिजनों की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। घटना की जानकारी मिलने पर रविवार को एसपी सुजाता सिंह, एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार व सीओ नानपारा जंग बहादुर यादव गांव पहुंचे। एसपी ने परिजनों से मिलकर उनके बच्ची को ढूंढ़कर सकुशल बरामद करने का भरोसा दिलाया और ग्रामीणों से पूछताछ की। एसपी ने घटना का खुलासा करने के लिए नानपारा, नवाबगंज, मटेरा व एसओजी टीम को लगा दिया है। एसपी ने जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 24 घंटे बीत जाने के बाद कोई पता न चलने से हर कोई सहमा हुआ है।
अपहरण के बाद हो चुकी है दलित छात्र की हत्या
मटेरा थाना क्षेत्र में ही बीते 31 अक्तूबर 2020 को दलित छात्र की अपहरण के बाद हत्या की दी गई थी। परिजनों से 30 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी गई थी। दो दिन बाद छात्र का शव पड़ोसी जनपद श्रावस्ती में मिला था। हालांकि पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन एसओजी टीम पूरी तरह घटना का राजफाश करने में असफल साबित हुई थी।
खुलासे के लिए लगाई गई हैं टीमें
प्रकरण संज्ञान में आने के बाद घटना स्थल का दौरा कर परिजनों से मुलाकात की है। उनको भरोसा दिलाया गया है कि पुलिस लगातार बच्ची को ढूंढ़ने में लगी हुई है। चार टीमें बच्ची की तलाश करने के लिए लगाई गई हैं। जल्द ही बच्ची को सकुशल बरामद किया जाएगा। -सुजाता सिंह, एसपी बहराइच