बहराइच। किसान डिग्री कॉलेज मैदान में शनिवार को केडीसी क्रिकेट अकादमी की ओर से अंडर-12 क्रिकेट लीग का शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में 14-14 खिलाड़ियों की चार टीमें भाग ले रही हैं। मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि क्रीड़ा भारती के प्रांत उपाध्यक्ष सुरेश प्रताप सिंह और विशिष्ट अतिथि मेजर डॉ. एसपी सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
पहले दिन का मुकाबला केडीसी राइजिंग स्टार्स और केडीसी पावर हिटर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर राइजिंग स्टार्स ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने 21वें ओवर में 155 रन बनाकर सभी विकेट गंवा दिए। उत्सव सिंह ने शानदार 56 रन बनाए, जबकि कप्तान उजैर अली ने 19 रनों का योगदान दिया। पावर हिटर्स की ओर से कृष्णा ने तीन और मोहम्मद आसिफ ने दो विकेट हासिल किए।
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पावर हिटर्स की टीम 21वें ओवर में 140 रन पर ऑलआउट हो गई। राघव मिश्रा ने 29 और कृष्णा ने 23 रन बनाए। राइजिंग स्टार्स की ओर से मयंक और आरेज खुर्शीद ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि उजैर अली ने दो विकेट झटके।
शानदार प्रदर्शन के लिए मयंक पांडेय को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच में अंपायरिंग प्रदीप गुप्ता और आशुतोष कैराती ने की, जबकि स्कोरर की भूमिका लक्ष्य कनौजिया ने निभाई।