बहराइच। किसान डिग्री कॉलेज मैदान पर शनिवार को केडीसी क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में चल रहे अंडर-16 समर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन केडीसी ब्लू और केडीसी ग्रीन के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें केडीसी ग्रीन ने शानदार जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए केडीसी ग्रीन की टीम 42 ओवर में 261 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कप्तान साफवान खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 105 गेंदों पर 127 रन बनाए। अपनी बेहतरीन पारी में उन्होंने 22 चौके और एक छक्का लगाया। हालांकि, अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो सके।
केडीसी ब्लू की ओर से शिखर श्रीवास्तव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए, जबकि अन्य गेंदबाजों को एक-एक सफलता मिली।
262 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केडीसी ब्लू की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के बल्लेबाज लगातार विकेट गंवाते रहे और पूरी टीम 25 ओवर में 110 रनों पर सिमट गई। केडीसी ग्रीन की ओर से विनायक गुप्ता ने पांच विकेट और साफवान खान ने चार विकेट लेकर टीम को शानदार जीत दिलाई।
बेहतरीन प्रदर्शन के लिए साफवान खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच में अंपायरिंग आशुतोष कैराती और सत्यम पाठक ने की, जबकि स्कोरर की भूमिका प्रदीप गुप्ता ने निभाई। इस दौरान आयुष चित्रांश, बृजेश सिंह, विजय शंकर और शोभित सहित कई लोग मौजूद रहे।