बहराइच के केडीसी में आयोजित क्रिकेट मैच में बैटिंग करता खिलाड़ी। - स्रोत : आयोजक
बहराइच। किसान डिग्री कॉलेज के मैदान में बुधवार को केडीसी क्रिकेट अकादमी की ओर से क्रिकेट अकादमी और क्रिकेट क्लब के बीच मैत्री मैच खेला गया। इसमें केडीसी क्रिकेट अकादमी की जीत हुई और कृष्णा सिंह मैन ऑफ द मैच रहे।
25 ओवर के इस मुकाबले में टॉस जीतकर केडीसी क्रिकेट अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अच्छी शुरुआत के बावजूद टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। कुणाल यादव ने 34 और तुषार सोनी ने 32 रन बनाकर टीम को 25 ओवर में पांच विकेट खोकर 155 रन तक पहुंचाया। क्लब की ओर से नवीन प्रताप सिंह और दिवाकर सिंह ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में उतरी केडीसी क्रिकेट क्लब की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। कृष्णा सिंह और तुषार सोनी की प्रभावी गेंदबाजी के आगे बल्लेबाज टिक नहीं पाए और टीम 25वें ओवर में 144 रन पर ऑलआउट हो गई। क्लब की ओर से शुएब अब्बासी ने 24 और प्रशांत मिश्रा ने 20 रन का योगदान दिया।
केडीसी क्रिकेट अकादमी की तरफ से गेंदबाजी में कृष्णा सिंह सबसे सफल रहे। उन्होंने पांच विकेट झटके, जबकि तुषार सोनी और समीर सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए कृष्णा सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुकाबले में अम्पायर आशुतोष कैराती और प्रदीप गुप्ता रहे, जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी मयंक गुप्ता ने निभाई।