बहराइच। नवरात्र महोत्सव के आठवें दिन बुधवार को मां के दरबार में भक्तों का रेला उमड़ पड़ा। माता के अष्टम स्वरूप महागौरी की पूजा-अर्चना कर सुहागिनों ने अखंड सौभाग्य का वरदान मांगा। मंदिरों और घरों में भक्तों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन किया। देवी की प्रतीक कन्याओं को पूजकर उन्हें भोज भी कराया।
दुर्गा अष्टमी पर भोर से घंटा-घड़ियाल से मंदिर गुंजायमान हो गए। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में कथा सुनी और कन्याओं को भोज कराकर मां दुर्गा से परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के मरीमाता मंदिर, संहारणी मंदिर, काली मंदिर, रामजानकी मंदिर आदि स्थानों पर श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप में आहुतियां दीं।
उधर, पूजा पंडालों में भी पूजन-अर्चन का सिलसिला जारी रहा। लोहिया चौराहा पर मनाए जा रहे दुर्गा पूजा महोत्सव में मंगलवार रात मां कालरात्रि के स्वरूप का सजीव दर्शन श्रद्धालुओं ने किया।
मोहल्ला काजी कटरा स्थित मां समय दुर्गा पूजा समिति की ओर से किए जा रहे पूजन में भी आरती में आस्था का सैलाब उमड़ा। रुपईडीहा में समय बाल दुर्गा पूजा समिति स्टेशन रोड, आदर्श नगर, बजाजा रोड, हनुमान मंदिर समेत अन्य जगह भक्त उमड़े।
भव्य झांकी की आरती को सजाए थाल
जरवल। कस्बे के खाकीदास मंदिर में मां दुर्गा की भव्य झांकी सजायी गई। इस मौके पर कन्याओं ने मां दुर्गा की आरती के लिए थाल सजाया। महाआरती कार्यक्रम में राजेश गुप्ता, शिवानंद गुप्ता, अनिल सोनी, मनीष कुमार, प्रमोद कुमार, उषा, मुरारी लाल अग्रवाल समेत काफी श्रद्धालु मौजूद रहे। इसके बाद भंडारा हुआ।
मंदिर परिसर में पौधरोपण
श्री मर्यादा पुरुषोत्तम आदर्श राम लीला कमेटी जैतापुर की ओर से बुधवार को दुर्गा मंदिर परिसर में पौधरोपण किया गया। इस दौरान कमेटी के अघय्यक्ष श्याम बाबू पांडेय, दिलीप वैश्य, रवि उर्फ नीलू, ग्राम प्रधान जैतापुर देवी प्रसाद, उग्रसेन सिंह, विनय पांडेय पम्मी सिंह आदि ने मौके पर रुद्राक्ष, शमी, बेल, आम, कदंब, तुलसी आदि के पौधों का रोपण किया।
हाईकोर्ट के आदेश पर 14 स्थानों पर हो रही दुर्गा पूजा
बहराइच। श्री मां दुर्गा हिंदू पूजन महासमिति की बैठक बुधवार को मोहल्ला गुलामअलीपुरा में हुई। बैठक में हाईकोर्ट के आदेेश पर स्थापित की गई दुर्गा प्रतिमाओं के पूजन अर्चन पर चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए महामंत्री सुदामा मिश्रा ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर जिले में 14 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि नवाबगंज, बौंडी, मोतीपुर, रिसिया, रामगांव, गिलौला,कैसरगंज, नानपारा, रुपईडीहा और सुजौली क्षेत्र में प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
बैठक में मीडिया प्रभारी देवेंद्र मिश्र, राजू भुजवा, प्रमेंद्र पांडेय, विपिन यज्ञसैनी, कन्हैया सोनी, विपिन विश्वकर्मा, शिवसरण, चौधरी पूरन सिंह, राजेश सिंह, दिनेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।