बहराइच नगर में डीएम चौराहे पर सोमवार को वित्तमंत्री का पुतला फूंकते सराफा कारीगर एसोसिएशन के पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बहराइच
बहराइच। एक्साइज ड्यूटी बढ़ाए जाने व इंस्पेक्टर राज के विरोध में सराफा व्यवसायियों का विरोध प्रदर्शन सोमवार को 13वें दिन भी जारी रहा।
व्यवसायियों ने डीएम तिराहे पर वित्त मंत्री अरुण जेटली का पुतला जलाया। सभी ने इस आंदोलन को निर्णायक मोड़ पर ले जाने के लिए आरपार के संघर्ष का संकल्प दोहराया।
स्वर्ण रजत कारीगर व्यापार मंडल के पदाधिकारी, कारीगर और तमाम व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य सोमवार को शहर में मार्च निकालते हुए डीएम तिराहे पर इकट्ठा हुए।
यहां सभी ने नारे लगाकर और केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली का पुतला फूंका। अध्यक्ष राकेश रस्तोगी राज ने कहा कि सराफा बंधुओं के हक व व्यवसाय की लड़ाई लड़ी जाएगी। चाहे जो कुर्बानी देनी पड़े लेकिन इस काले कानून को लागू नहीं होने दिया जाएगा।
इस मौके पर संगठन की शक्ति का आह्वान किया। इस मौके पर आयोजित सभा को महामंत्री कन्हैया सोनी, उपाध्यक्ष मनीष मुन्ना, विनय रस्तोगी पप्पू, आरिफ, किशोर सोनी, दिलीप सोनी, रवि राज, मनीष सोनी आदि ने भी संबोधित किया।