हुजूरपुर(बहराइच)। थाना क्षेत्र के मुलायमपुरवा बंसतपुरा गांव निवासी रामकुमार पाठक व अवधेश के घर में घुसे चोरों ने दो लाख 20 हजार की नकदी और लाखों के जेवर चुरा लिए। सुबह जब गृहस्वामियों ने कमरों में जाकर देखा तो गायब जेवर व नकदी और बिखरा सामान देख उनके होश उड़ गए। वहीं रामकुमार के घर से चोरों ने जेवरों से भरा बक्सा उठा लिया जो पास स्थित खेतों में पड़ा मिला। पीड़ितों ने घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है।
कपड़ा व्यापारी रामकुमार ने बताया कि तीन चोर उनके घर के पीछे बनी दीवार से छत के रास्ते घुसे थे। जो कमरों में रखी दो बहुओं के जेवर दो हार, दो जोड़ी झुमकी, बाला, बेंदी, मोबाइल, डेढ़ लाख नकदी सहित कुल साढ़े सात लाख का सामान उठा ले गए। घटना के समय बिजली नहीं आ रही थी। तीन चोर सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहे हैं। इनमें से दो हाफ लोवर व तीसरा पैंट पहने हुए नजर आ रहा है। वहीं ढाई सौ मीटर दूर स्थित मजरा वशिष्ठपुरवा निवासी परचून व्यापारी अवधेश के घर में घुसे चोरों ने 70 हजार नकदी सहित लाखों के जेवर पार कर दिए। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। हुजूरपुर प्रभारी निरीक्षक अनिल मिश्रा का कहना है कि तहरीर पर चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चोरों को पकड़कर खुलासा किया जाएगा।