शिवपुर के राम प्यारे शिवशंकर कॉलेज के मैदान में चल रहे टूर्नामेंट में विजेता टीम को शील्ड देते
शिवपुर। राम प्यारे शिव शंकर कॉलेज के मैदान में जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के पांचवें संस्करण का खिताब इशरत महमूद खान क्रिकेट क्लब ने अपने नाम कर लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक राम निवासी वर्मा और विशिष्ट अतिथि जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव इशरत महमूद खान रहे।
फाइनल मैच में इशरत महमूद खान क्रिकेट क्लब और पायनियर क्रिकेट क्लब आमने-सामने रहे। टॉस जीतकर इशरत महमूद खान क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए। सलमान अली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 95 रन बनाए। पायनियर क्रिकेट क्लब की ओर से वीरेंद्र गोरया ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पायनियर क्रिकेट क्लब की टीम 17.5 ओवर में 105 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से शाद अहमद ने सर्वाधिक 44 रन बनाए। इशरत महमूद खान क्रिकेट क्लब की तरफ से शुलभ कुमार गौड़ ने चार विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
सलमान अली को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्राट तिवारी मैन ऑफ द टूर्नामेंट बने। अमन अली ओसामा को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और वीरेंद्र गोरया को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार दिया गया।