रुपईडीहा स्थित आईसीपी से रवाना हो रहे ट्रक।
रुपईडीहा। दो दिन से ठप इंटरनेट सेवा सोमवार दोपहर बहाल होते ही रुपईडीहा स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) पर निर्यात प्रक्रिया शुरू हो गई। कस्टम प्रक्रिया पूरी कर आईसीपी में खड़े 200 से अधिक मालवाहक ट्रकों को क्रमवार नेपाल भेजा जाने लगा। इससे दो दिन से प्रभावित भारत-नेपाल सीमा व्यापार को फिर गति मिली।
आंधी-पानी और खराब मौसम के कारण आईसीपी की इंटरनेट सेवा बाधित हो गई थी। ऑनलाइन कस्टम प्रक्रिया पूरी नहीं होने से नेपाल जाने वाले मालवाहक वाहन आईसीपी पर खड़े थे। सोमवार दोपहर करीब 12 से एक बजे के बीच इंटरनेट सेवा बहाल होने के बाद कस्टम विभाग ने लंबित प्रक्रियाएं पूरी करनी शुरू कीं। प्रक्रिया पूरी होते ही ट्रकों को एक-एक कर नेपाल भेजा गया।
कस्टम हाउस एजेंट (सीएचए) हसीब अहमद ने बताया कि इंटरनेट सेवा बाधित होने से कस्टम प्रक्रिया के साथ निर्यात भी प्रभावित हुआ था। आईसीपी में 200 से अधिक ट्रक खड़े थे। गुजरात, अहमदाबाद, पुणे समेत अन्य स्थानों से आने वाले करीब 30 से 40 मालवाहक वाहन भी खराब मौसम के कारण रास्ते में रुक गए थे। इन वाहनों में टाइल्स, पाउडर, पशु आहार समेत विभिन्न सामान लदा है।
धीरे-धीरे सामान्य हो रहा कारोबार
इंटरनेट सेवा बहाल होने और मौसम में सुधार के बाद आईसीपी पर माल की निकासी शुरू हो गई है। पहले से खड़े ट्रकों को प्राथमिकता के आधार पर कस्टम प्रक्रिया पूरी कर नेपाल भेजा जा रहा है। इंटरनेट सेवा दो दिन बाधित रहने से करीब 50 करोड़ रुपये के कारोबार पर असर पड़ा था। अब सेवा बहाल होने के बाद कारोबार धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है।