नानपारा। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय जा रहे एक अनुदेशक को बुधवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से पीट दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे शिक्षक की भी पिटाई कर दी। वशीरगंज निवासी अनुदेशक सत्येंद्र यादव मोटरसाइकिल से सुबह बरदहा कला स्थित बीआरसी भवन जा रहे थे। जब वह बंजारन टांडा के पास पहुंचे तभी अचानक सड़क पर बकरी आ जाने से बाइक फिसल गई और वह गिर पड़े। इसी दौरान पहुंचे तीन-चार लोगों ने उन पर हमला कर दिया और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई की। जान से मारने की धमकी भी दी।
शोर सुनकर पहुंचे शिक्षक अमरजीत सिंह ने बीच-बचाव किया तो हमलावरों ने उन्हे भी पीटा। घटना के बाद दोनों शिक्षक कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी होने पर काफी संख्या में शिक्षक मौके पर पहुंच गए। पीड़ितों के मुताबिक हमलावरों में असगर, रज्जब समेत अन्य लोग शामिल थे। प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि न्याय न मिलने पर वे जनगणना कार्य का बहिष्कार करेंगे।