बालू घोलिया में गुरुवार रात मां के साथ आंगन में सो रही बालिका को तेंदुआ उठा ले गया जिसकी लाश जंगल में मिली। सिरसिया पुलिस व वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बालू घोलिया निवासी ज्ञानवती उर्फ खुशबू यादव (8) पुत्री घुरहू यादव गुरुवार रात अपनी मां के साथ घर के आंगन में सोई हुई थी। देर रात सोहेलवा जंगल से निकल कर आए एक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। जब तक परिवारीजन कुछ समझ पाते, तेंदुआ खुशबू को लेकर जंगल की ओर भाग गया। इसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा सिरसिया पुलिस सहित वन विभाग की टीम को दी गई।
ग्रामीणों के साथ सिरसिया पुलिस व वन विभाग की टीम द्वारा मासूम की तलाश शुरू कर दी गई जिसकी लाश शुक्रवार सुबह जंगल में मिली। मौके पर मौजूद सिरसिया पुलिस द्वारा लाश का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा गया है। वहीं गांवों में दहशत देखी जा रही है।