बहराइच में सोमवार को कलेक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते सपा कार्यकर्ता।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। महंगाई, भ्रष्टाचार व अपराध में निरंतर हो रही बढ़ोत्तरी के विरोध में सोमवार को समाजवादी छात्रसभा के पदाधिकारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुये छात्रसभा के जिलाध्यक्ष नंदेश्वरनंद यादव ने कहा कि जबसे केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार गठित हुई है, महंगाई चरम पर है। पेट्रोलियम पदार्थों की निरंतर हो रही बढ़ोत्तरी ने तो आम जनमानस की कमर तोड़ कर रख दी है। महंगाई की चपेट में सबसे ज्यादा मध्यम व गरीब वर्ग के लोग हैं। प्रदेश में अपराध की बढ़ रही गति से प्रदेशवासी सहमे नजर आ रहे हैं। लेकिन सरकार इस पर अंकुश नही लगा पा रही है।
धरने के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट जयप्रकाश को सौंपकर पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ हुये दाम वापस लेने, कानपुर के राजकीय बालिका संरक्षण गृह में नाबालिग लड़कियों के साथ हुई हैवानियत की घटना की जांच सीबीआई से कराने, कोरोना संकट काल में छात्रों की फीस माफ करने, छात्रों के कमरे का किराये खर्च के लिए शुल्क प्रतिपूर्ति की भांति छात्रों के खाते में मदद राशि पहुंचाने, सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बंद करने, कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने व भ्रष्ट भाजपा सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग करते हुये सभी ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें पूरी नही की गई, तो सभी सड़कों पर उतरकर आंदोलन को बाध्य होगे। इस मौके पर दिनेश यादव, अबू अफसर खां, अनुपम कुमार, शेषगिरी, धनीराम आदि मौजूद रहे।