बहराइच। शहर के रायपुर राजा मोहल्ले में शुक्रवार की भोर चोरों ने जनपद न्यायालय के कैशियर के घर में घुसकर लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सो रहे परिजनों को केमिकल सूंघाने के बाद घटना को अंजाम दिया गया। भोर में हुई घटना की सूचना पर जांच करने पहुंची पुलिस ने जांच कर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पॉश इलाके में हुई चोरी की घटना ने पुलिस को एक बार फिर से चुनौती दे दी और पेट्रोलिंग पर सवाल खड़ा कर दिया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के रायपुर राजा मोहल्ला निवासी आशुतोष श्रीवास्तव जनपद न्यायालय में कैशियर के पद पर तैनात हैं। वह रोज की तरह शुक्रवार की सुबह भी अपने घर से दूध लेने के लिए निकल गए थे। जब वह वापस आए तो देखा कि घर का दरवाजा खुला है और बेडरूम में रखी अलमारी टूटी पड़ी है। उसमेें रखी चार सोने की अंगूठी, एक सोने की चैन व कंगन, सोने का हार, तीन मंगलसूत्र, पांच चांदी के पायल और पर्स में रखा नगद 25 हजार रुपये गायब हैं। अलमारी का सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था।
पीड़ित आशुतोष ने बताया कि जिस कमरे में अलमारी रखी है। उसी में परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। परिवार के लोगों को चोरों ने केमिकल सूंघाने के बाद घटना को अंजाम दिया है। लगभग सवा लाख की चोरी हुई है। सूचना पर पहुंचे देहात कोतवाल ओपी चौहान ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है। कैशियर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।