फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घाघरा उफनाई, 58 गांवों को किया अलर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
महसी (बहराइच)। महसी तहसील क्षेत्र में घाघरा (सरयू) नदी में शनिवार को बनबसा औेर गिरिजापुरी बैराज से एक लाख 68 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। प्रतिदिन पानी छोड़े जाने से घाघरा नदी का जलस्तर प्रति घंटे दो सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने से तहसील के 58 गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। इन गांवों को अलर्ट कर दिया गया है। ग्रामीणों को सुरक्षित रखने के लिए राजस्वकर्मी गांवों में पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। 14 बाढ़ चौकियां अलर्ट कर दी गई हैं। सीतापुर से पीएसी के जवान बुला लिए गए हैं।
विज्ञापन

नेपाल के पहाड़ों पर हो रही बारिश से तराई की नदियों में उफान आने लगा है। मोतीपुर तहसील के गिरिजापुरी बैराज और नेेपाल के बनबसा बैराज से शुक्रवार को एक लाख 68 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह पानी शनिवार को नदी में पहुंच गया है, जिससे घाघरा नदी उफान पर आ गई है। घाघरा नदी का जलस्तर दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।
उप जिलाधिकारी एसएन त्रिपाठी ने बताया कि महसी तहसील क्षेत्र के 58 गांवों को बाढ़ को लेकर अलर्ट कर दिया गया है। इन गांवों में राजस्व कर्मी पहुंचकर लोगों को बाढ़ के प्रति जागरूक कर रहे हैं। एसडीएम ने बताया कि तहसील प्रशासन ने 14 बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है।
विज्ञापन

उपजिलाधिकारी एसएन त्रिपाठी ने बताया कि पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते घाघरा का जलस्तर निरंतर बढ़ रहा है। महसी तहसील के निचले इलाके में पानी भरने लगा है। तहसील क्षेत्र के पचदेवरी, अटोडर, अंगरौरा, दुबहा, सेमरही, चमरहपुरवा, मांझा दरिया बुर्द, अहिरनपुरवा समेत अन्य गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
सीतापुर से पहुंचे पीएसी के जवान
एसडीएम एसएन त्रिपाठी ने बताया कि बाढ़ से ग्रामीणों को बचाने और सुरक्षित पहुंचाने के लिए सीतापुर से दूसरी बटालियन पीएसी के जवान आ गए हैं। सभी जवान जैतापुर के पंडित सत्यदेव मणि इंटर कॉलेज में ठहरे हुए हैं। जवान अलर्ट पर हैं। पानी गांवों में भरने पर जवान सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएंगे।
111.50 सेमी. पर पहुंची नदी का जलस्तर
महसी तहसील के बिसंवा में मापक बहोरीलाल और पवन कुमार के मुताबिक घाघरा नदी का जलस्तर शनिवार को 111.50 सेंटीमीटर पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 113.50 सेंटीमीटर है। मापक ने बताया कि जिस रफ्तार से नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, उससे लग रहा है कि 24 घंटे में नदी खतरे के निशान को पार कर जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें