बहराइच। भीषण गर्मी के बीच रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्रों पर ग्रामीण मरीज आए। इन मरीजों में डिहाईड्रेशन और पेटदर्द के मरीजों की संख्या अधिक रही।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार चौगोड़वा स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित किया गया, जिसमें 40 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरवर अहमद द्वारा आए हुए मरीजों की जांच की गई और आवश्यक उपचार प्रदान किया गया।
डाॅ. सरवर ने बताया कि इलाज के लिए आए मोल्हे,साहिल,शाकरून, रंगीलाल,बदलू , अखिलेश,कुरैशा बेगम का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा दी गई। उन्होंने बताया कि मौसम के बदलाव से बच्चों में पेट दर्द, खांसी, बुखार की समस्या अधिक है।
दूसरी तरफ चरदा सीएचसी के अधीक्षक महेश विश्वकर्मा ने रविवार को जन आरोग्य मेला को चौगोड़वा नवाबगंज स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने औषधि भंडार, ओपीडी कक्ष और अन्य कमरों की व्यवस्था को परखा। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों से भी बातचीत कर उनके कार्य और उपस्थिति की जानकारी ली गई। अधीक्षक ने बताया कि निरीक्षण के समय स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाएं ठीक-ठाक पाई गईं। उन्होंने कर्मचारियों को नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए।
रूपईडीहा प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रूपईडीहा में जन आरोग्य मेला आयोजित किया गया, जिसमें 32 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। डॉ. रजनी गुप्ता ने सभी मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं और उपचार उपलब्ध कराया। मेले में मरीज रामकुमार, सोनू, सुनीता, अनारा, मनीष कुमार, सुमन, रंगी लाल, ममता, आदित्य, मुस्कान के अतिरिक्त अन्य मरीजों की भी जांच कर उचित परामर्श दिया गया।
बाबागंज प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाबागंज में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया।इस मेले के तहत ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। पीएचसी बाबागंज पर आयोजित मेले मे डॉ. विवेक सिंह व आयुष डॉ. सुरेश गुप्ता ने स्वास्थ्य मेले में आए मरीजों, बच्चों, किशोरियों व महिलाओं को स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया तथा संक्रमण से बचाव के उपाय बताए।
पीएचसी में वंदना देवी, लल्लन,, गोगे, अनिल साहू, जगदीश, राजेश श्रीवास्तव, गुड़िया, प्रभावती देवी सहित अभी तक 40 मरीजों पुरुष,महिलाएं, बच्चों का पंजीकरण कर उन्हें दवा उपलब्ध कराई गई। इस मौके पर डॉ. विवेक सिंह, आयुष डाॅ. सुरेश गुप्ता व अन्य मौजूद रहे।
रिसिया प्रतिनिधि के अनुसार सीएचसी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नर्सिंगडीहा पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला फार्मेसिस्ट के सहारे चला। अधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र गौतम ने बताया कि डाॅ. शुएब के पिता बीमार थे इस लिए वह छुट्टी लेकर घर चले गए थे। फार्मासिस्ट एवं स्टॉफ नर्स सुनीता मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि उनके पास कोई अन्य चिकित्सक नहीं है। इन हालातों में कई मरीजों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।