सीएमओ के गोद लिए गांव में सात बच्चे कुपोषित मिले हैं। सीएमओ ने हर 15 दिन में कुपोषित बच्चों की निगरानी व वृद्धि दर्ज किए जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने ग्राम प्रधान के साथ बैठक कर गांव में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए प्रयास शुरू कर दिया है।
विकासखंड नवाबगंज के चनैनी गांव को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केबी जैन ने गोद लिया है। सीएमओ ने गांव के विकास व स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जानने के लिए गांव का दौरा किया। जांच के दौरान सात बच्चे कुपोषित मिले। इन बच्चों का वृद्घि निगरानी चार्ट भरकर परीक्षण किया गया।
सभी के फोटोग्राफ लिए गए। सीएमओ ने प्रत्येक 15 दिन पर कुपोषित बच्चों की जांच व वृद्धि दर्ज किए जाने का निर्देश दिया है। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री मीना कुमारी अनुपस्थित मिलीं। इसके बाद ग्राम स्वच्छता एवं पोषण समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता ग्राम प्रधान गफ्फार अली ने किया।
इस दौरान समिति के मद से वजन मशीन, पानी पीने की व्यवस्था, ग्लास, जग, बाल्टी, कुर्सी मेज खरीदने पर सहमति बनी। इस अवसर पर एएनएम बीना गुप्ता, आशा जैनब, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सुमैया जिया, डॉ. राजेश गौतम, एके चौधरी आदि मौजूद रहे।