बहराइच। सीएचसी कैसरगंज में बीती रात इलाज कराने आई महिला को वीगो लगाने के दौरान तीमारदार चिकित्सक पर भड़क उठे। इस दौरान तीमारदारों ने चिकित्सक के साथ मारपीट की। चिकित्सक ने किसी तरह सूचना पुलिस को दी, तो तीमारदार मरीज को लेकर अस्पताल से चले गए। मामले में पुलिस ने सीएचसी अधीक्षक की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
कैसरगंज थाना क्षेत्र के सिदरखी गांव निवासी रामदेव अपनी पत्नी को उपचार के लिए शनिवार रात लगभग 10 बजे सीएचसी कैसरगंज लेकर पहुंचा। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद डॉ. अजय पांडेय ने महिला का इलाज शुरू किया। जिस दौरान चिकित्सक महिला के हाथ में वीगो लगा रहे थे, तभी परिवार के लोग भड़क गए और गाली-गलौच करने लगे।
जब चिकित्सक ने इसका विरोध किया तो वह मारने पीटने लगे। किसी तरह चिकित्सक ने अपनी जान बचाई। सूचना पर कैसरगंज कोतवाल संजय गुप्ता दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक मरीज व तीमारदार जा चुके थे। कोतवाल ने बताया कि सीएचसी अधीक्षक की तहरीर पर महिला के पति रामदेव व तीमारदार सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। कोतवाल ने बताया कि मरीज व तीमारदार की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।