बहराइच। आबकारी व पुलिस विभाग की टीम ने गुरुवार को थाना रानीपुर उत्तरगंगा स्थित सरकारी देशी शराब की दुकान पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने दुकान से अवैध शराब, स्प्रिट, खाली शीशी, क्यूआरकोड लगे नकली ढक्कन, समेत अन्य उपकरण बरामद किया है। मामले में टीम ने लाइसेंसी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना रानीपुर के उत्तरगंगा स्थित सरकारी देशी शराब के दुकान का लाइसेंस कन्हैयालाल वर्मा के नाम से आवंटित है। दुकान पर महीनों से नकली शराब तैयार कर देशी शराब की शीशियों में नकली क्यूआर कोड लगे ढक्कन लगाकर बेचने का धंधा चल रहा था। गुरुवार को मुखबिर ने इसकी एसपी विपिन मिश्रा को सूचना दी। इस पर एसपी ने एएसपी नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह, सीओ पयागपुर नरेश सिंह व आबकारी निरीक्षक आशुतोष कुमार उपाध्याय की अगुवाई में आबकारी व पुलिस विभाग की टीम गठित कर छापा मारने के निर्देश दिये थे।
इसी के तहत गुरुवार को टीम ने दुकान पर छापा मारा। इस दौरान टीम को दुकान से शराब बनाने के प्रयोग में लाये जाने वाली 10 लीटर स्प्रिट, तैयार पांच लीटर अवैध शराब, नकली शराब की 20 शीशी, खाली शराब की 50 शीशी, 82 नकली क्यूआर कोड लगे ढक्कन, 55 पेटी देशी शराब व 9 हजार 900 रुपये मिले। टीम ने लाइसेंसी कन्हैयालाल वर्मा, सुनील कुमार जायसवाल, रामू जायसवाल, विनोद जायसवाल को मौके से गिरफ्तार कर सभी को जेल भेज दिया है।
कहीं रानीपुर थाने पर भी उठे सवाल
थाना खैरीघाट में हाल ही में कच्ची शराब बिक्री के मामले में एसपी ने दो सिपाहियों को निलंबित कर कार्रवाई की गई थी। जबकि थाना रानीपुर के उत्तरगंगा स्थित सरकारी देशी शराब की दुकान पर भी नकली शराब का धंधा अर्से से चल रहा था। ऐसे में थाने की पुलिस को इसकी भनक तक नहीं मिली। इस पर सवाल उठने लगे हैं।