बहराइच। नया शिक्षा सत्र शुरू होने से पूर्व ही विद्यार्थियों को चेतावनी दी गई है कि यदि कक्षा में 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति हुई तो संबंधित विद्यार्थी परीक्षा से वंचित किए जा सकते हैं। शहर के किसान पीजी काॅलेज तथा महिला पीजी कॉलेज में 28 जुलाई से कक्षाओं का संचालन होगा।
पूर्व में कक्षाओं का संचालन 24 जुलाई से होना निर्धारित हुआ था। इस बीच आरओ व एआरओ की परीक्षा तिथि 27 जुलाई निर्धारित कर दी गई। ऐसे में परीक्षा की व्यवस्था को देखते हुए कक्षाओं का संचालन 28 जुलाई से कराने का फैसला लिया गया है।
किसान पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर विनय सक्सेना ने बताया कि नए सत्र में यूजी व पीजी की कक्षाओं का संचालन करने के लिए समय सारिणी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 27 जुलाई तक समय सारिणी प्रसारित कर दी जाएगी।
बताया कि कक्षाओं का संचालन भी उसी के आधार पर होगा। विभाग प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय सारिणी प्रसारित होने के बाद शिक्षकों का वर्कलोड निर्धारित कर इसकी सूचना कार्यालय को उपलब्ध करा दें।
दूसरी तरफ महिला पीजी कॉलेज के कार्यालय अधीक्षक राजेश पाल रावत ने बताया कि यहां भी प्रवेश की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। इस कॉलेज में भी कक्षाओं का संचालन 28 जुलाई से शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि कक्षाओं में छात्राओं की उपस्थिति यदि 75 प्रतिशत से कम रही तो उन्हें परीक्षा व छात्रवृत्ति से वंचित किया जा सकता है। जिले के अन्य महाविद्यालयों में भी कक्षाओं के संचालन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शीघ्र ही समय सारिणी प्रसारित कर कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।