फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रेनों का संचालन बंद हुआ तो करेंगे आंदोलन

विज्ञापन
विज्ञापन
मोतीपुर (बहराइच)। मैलानी-बहराइच रेल प्रखंड पर संचालित ट्रेनों को बंद किए जाने की सूचना को लेकर अब लोग आंदोलित हो उठे हैं। शनिवार को मिहींपुरवा में बुद्धजीवी वर्ग की बैठक हुई। इसमें रेल बचाओ संघर्ष समिति का गठन हुआ। सभी ने चेतावनी दी कि रेल संचालन बंद किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
विज्ञापन

मैलानी-बहराइच रेल प्रखंड पर इस समय पैसेंजर ट्रेनों का संचालन हो रहा है। प्रखंड के 15 से अधिक स्टेशन दुधवा और कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के बीच से होकर गुजर रहे हैं। इससे ट्रेन की चपेट में आकर जीवों की मौत हो रही है। इसको देखते हुए वन विभाग की रिट पर हाईकोर्ट ने ट्रेनों का संचालन बंद करने और वैकल्पिक रूट तलाशने के निर्देश दिए हैं। इसकी कार्रवाई रेलवे ने शुरू कर दी है। वैकल्पिक रूट की तलाश अभी तक नहीं हो सकी है।
इससे व्यापारियों के साथ जंगल से सटे तराई के लोगों में रोष है। इसको लेकर शनिवार को लोगों की बैठक अतिथि भवन में हुई। अध्यक्षता पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रवण कुमार मदेशिया ने की। मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीनाथ शुक्ल व विशिष्ट अतिथि मंदीप सिंह वालिया रहे। बैठक में पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि तराई के लोगों के लिए मैलानी-बहराइच रेल प्रखंड संजीवनी है। व्यापारियों को भी इसके संचालन से काफी लाभ मिल रहा है। इसे बंद कर दिया जाएगा तो काफी समस्या होगी।
विज्ञापन

सर्वोदय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज यादव ने कहा कि ट्रेन का संचालन बंद करना गरीबों के हित में नहीं है। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय सिंह, महामंत्री अतुल चौधरी, पूर्व जिपं सदस्य फैय्याज अली, खेल शिक्षक मोहम्मद रसीद, जितेंद्र तिवारी, संजीव गौड़, ज्ञानदेव दीक्षित, शिवकुमार शुक्ला समेत क्षेत्र के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन राम सरोज पाठक ने किया।
12 को लखनऊ में होगी बैठक
बैठक में तय किया गया कि लखनऊ में 12 फरवरी को सांसद अक्षयवरलाल गोंड के साथ बैठक होगी। इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। सांसद से मांग की जाएगी कि ग्रामीणों के हित में ट्रेन का संचालन बंद न किया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें