बहराइच। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्रों की तैयारियों को लेकर सोमवार को विकास भवन में केंद्र व्यवस्थापकों व अधिकारियों के साथ डीएम ने बैठक की। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों के बैठने, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश, शौचालय आदि का शासन के मानक के अनुरूप माकूल बंदोबस्त सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी केंद्र पर नकल की पुष्टि होने पर केंद्र व्यवस्थापकों को कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बोर्ड परीक्षा के लिए नियुक्त किये गये सेक्टर मजिस्ट्रेटों को जिलाधिकारी शंभु कुमार ने निर्देश दिया कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट 18 फरवरी से पूर्व अपने सेक्टर के सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित कर ले कि शासन के मानक के अनुरूप केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करा दी गयी हैं। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को यह भी निर्देश दिया कि जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं थानाध्यक्षों से बेहतर समन्वय स्थापित रखते हुए बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से करायें।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया कि जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर राउंड द क्लाक संचालित किया जाए। कंट्रोल रूम से परीक्षा प्रारंभ होने, उत्तर पुस्तिकाओं को कलेक्शन सेंटर में जमा होने सहित परीक्षा से सभी अन्य गतिविधियों की मॉनिटरिंग भी की जाय। डीआईओएस राजेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि बोर्ड परीक्षा 2020 जनपद में कुल 87 केंद्रों पर होगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र खुलने से लेकर उत्तर पुस्तिकाएं जमा होने तक की समस्त प्रक्रिया की निगहबानी सीसीटीवी कैमरों से की जायेगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र के मुख्य द्वार व परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किये जायेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति का कोई भी सदस्य विद्यालय परिसर में जहां परीक्षा हो रही है, प्रवेश नहीं कर सकेगा। सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के ऐसे शिक्षक जो कोषागार से वेतन प्राप्त कर रहे हैं, उन्हीं को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से परिचय पत्र निर्गत किया जायेगा।
परिचय-पत्र धारक अध्यापकों को ही कक्ष निरीक्षक का उत्तरदायित्व सौंपा जायेगा। पूरी शुचिता के साथ बोर्ड परीक्षा को संपादित कराये जाने के उद्देश्य से जिले में 6 सचल दलों का गठन किया गया है। इस अवसर पर सीडीओ अरविंद चौहान, जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर रामचंद्र यादव, नानपारा राम आसरे वर्मा, महसी एसएन त्रिपाठी, पयागपुर बाबूराम, मोतीपुर ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर टीएन दूबे, नानपारा अरुणचंद्र आदि मौजूद रहे।
यह रहेगी सुरक्षा
एएसपी नगर अजय प्रताप ने जनपद में शंातिपूर्ण ढंग से बोर्ड परीक्षा संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रवार की गयी पुलिस बल की तैनाती के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि एक परीक्षा केंद्र पर एक सब इंस्पेक्टर, तीन आरक्षी, दो महिला आरक्षी व तीन होमगार्ड्स की तैनाती की गयी है। इसके अलावा संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी व थानाध्यक्ष भी अपने क्षेत्र में भ्रमण शील रहकर शांति व्यवस्था का जायजा लेते रहेंगे।
बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे 54696 परीक्षार्थी
डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल संस्थागत में बालकों की संख्या 18198 के सापेक्ष बालिकाओं की संख्या 13299 है। जबकि हाई कूल व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की बात की जाये तो बालकों की संख्या 119 के मुकाबले बालिकाओं की संख्या 89 है। इस प्रकार से हाई स्कूल की परीक्षा में कुल 31705 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हो रहे हैं। इसी प्रकार इंटरमीडिएट संस्थागत में बालकों की संख्या 13031 के सापेक्ष बालिकाओं की संख्या 9072 है। जबकि इंटरमीडिएट व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की बात की जाये तो बालकों की संख्या जहां 607 है वहीं बालिकाओं की संख्या 281 है। इस प्रकार से इंटर की परीक्षा में कुल 22991 छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं।