बहराइच। आगामी चार मई को होने वाली नीट - 2025 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित तैयारी बैठक में डीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को आगाह करते हुए कहा कि इस परीक्षा में नकल कराते पकड़े जाने पर एक करोड़ रुपये का जुर्माना और उम्र कैद की सजा का प्रावधान है।
बैठक में डीएम मोनिका रानी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि 29 अप्रैल की शाम तक सभी परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करें। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, स्टाफ की उपलब्धता, परीक्षार्थियों के बैठने, प्रसाधन, पेयजल के साथ परीक्षा कक्षों में प्रकाश और सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता के बारे में अनिवार्य रूप से जानकारी प्राप्त की जाए।
डीआईओएस को निर्देश दिया कि सेक्टर मजिस्ट्रेटों की रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा केंद्रों पर यदि कोई कमी पाई जाती है तो उसे दुरूस्त कराएं। केंद्र व्यवस्थापकों को नियमों का अध्ययन कर समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
जिला मुख्यालय पर स्थापित होगा कमांड सेंटर
नीट की परीक्षा को शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ सशस्त्र सुरक्षा बल की तैनाती की जाएगी और जिला मुख्यालय पर कमांड सेंटर स्थापित किया जाएगा। केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया गया कि सभी कक्ष निरीक्षकों के साथ बैठक कर उन्हें परीक्षा संचालन के संबंध में दिशा-निर्देशों की जानकारी प्रदान कर दी जाए। परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील होने चाहिए।
ये वस्तुएं रहेंगी प्रतिबंधित
परीक्षा की शुचिता प्रभावित न हो इसके लिए किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर कोई भी पेपर, पेंसिल बाॅक्स, कैलकूलेटर, सनग्लास, पर्स, कैप, जेवर, खाद्य सामग्री, मोबाइल, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, घड़ी, चाभी, ब्लूटूथ, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड सहित अन्य इलेक्ट्राॅनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसकी सूची परीक्षा केंद्रों पर प्रदर्शित की जाए।