बहराइच। लखनऊ-बहराइच हाईवे के पास बौंडी मार्ग पर खेत में मिले युवक के शव की शिनाख्त पुलिस ने कर ली है। पुलिस के हाथ अहम सुराग भी लगे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
फखरपुर थाना क्षेत्र में मरौचा मोड़ के पास बौंडी जाने वाले मार्ग पर खेत में बीते 30 जनवरी को 28 साल के युवक की लाश मिली थी। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। उस वक्त मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
मंगलवार को पुलिस ने युवक की पहचान दरगाह थाना क्षेत्र के घसियारी मोहल्ला निवासी इकबाल पुत्र रईस के रूप में की। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि इकबाल की हत्या के कारणों की तह तक पहुंचने का प्रयास जारी है। कुछ टीमें जुटी हैं। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।