रुपईडीहा (बहराइच)। घर में आपसी विवाद को लेकर हुए झगड़े के बाद गुस्साई पत्नी ने गांव में ही बने तालाब में छलांग लगा दी। पत्नी को तालाब में कूदता देख बचाने के लिए पति भी कूद गया। दोनों को डूबता देख ग्रामीणों ने तालाब से बाहर निकाला। लेकिन पत्नी तो बच गई, वहीं, इलाज के दौरान पति की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम केे लिए भेज दिया।
रुपईडीहा थाना क्षेत्र के सीतापुरवा सहजनवा गांव निवासी बकरीदी का अपनी पत्नी से सोमवार को किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि पत्नी ने आत्महत्या करने के लिए गांव के पास बह रहे तालाब में छलांग लगा दी। पत्नी को बचाने के लिए पति भी तालाब में कूद गया। तैर न पाने के कारण दोनों डूबने लगे।
ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला। पति की हालत नाजुक होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं पत्नी पूरी तरह स्वस्थ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।