बहराइच। देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित कृषि विभाग कॉलोनी में बुधवार शाम विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना और हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कृषि विभाग में कंप्यूटर असिस्टेंट के पद पर तैनात दिलीप वर्मा, मूल निवासी बिसवां सीतापुर, कृषि भवन कॉलोनी में पत्नी पूजा वर्मा (20) और डेढ़ वर्षीय बेटे के साथ रहते थे। बुधवार शाम पूजा का शव आवास के अंदर फंदे से लटका मिला था।
घटना की सूचना दिलीप वर्मा ने पुलिस को दी थी। उनका कहना था कि वह किसी काम से घर से बाहर गए थे। कुछ देर बाद उन्होंने पत्नी को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। घर लौटने पर उन्होंने पूजा को फंदे से लटका देखा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
बृहस्पतिवार को पूजा के पिता वीरेंद्र वर्मा, निवासी बिसवां सीतापुर, बहराइच पहुंचे। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और उसकी हत्या की गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।