बहराइच में बुधवार को हो रही बारिश।
बहराइच। जिले में बुधवार सुबह धूप निकलने के बाद करीब 10 बजे से आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। दिनभर उमस और गर्मी से लोग परेशान रहे। शाम करीब पांच बजे अचानक काले बादल घिर आए और झमाझम बारिश शुरू हो गई।
तेज बारिश से उमस से बेहाल लोगों को राहत मिली, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सिविल लाइंस, त्रिमुहानी रोड, सरस्वती नगर, घसियारीपुरा, नवागढ़ी, बक्शीपुरा, नई बस्ती और चांदमारी समेत कई मोहल्लों में सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सिविल लाइंस निवासी राजेश कुमार ने बताया कि बारिश से गर्मी और उमस से राहत तो मिली, लेकिन सड़क पर जगह-जगह पानी भर जाने से आवागमन मुश्किल हो गया। वहीं नई बस्ती निवासी सुनील कुमार ने कहा कि थोड़ी देर की तेज बारिश में ही कई स्थानों पर जलभराव होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। मौसम विशेषज्ञ डॉ. पीएल त्रिपाठी के मुताबिक मौसम सक्रिय बना हुआ है। ऐसे में जिले में लगातार बारिश के संकेत मिल रहे हैं।