रुपईडीहा (बहराइच)। नेपाल की युवती को दिल्ली में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेचने जा रहे मानव तस्करों को एसएसबी ने रुपईडीहा बॉर्डर पर दबोच लिया। तस्कर के चंगुल से छुड़ाई गई युवती को नेपाल की शक्ति समूह संस्था को सुरक्षित घर पहुंचाने की जिम्मेदारी पर सौंप दिया गया। पकड़े गए मानव तस्करों पर नेपाली पुलिस कार्रवाई करेगी।
भारत-नेपाल सीमा बंद होने के कारण लोग पैदल आ-जा रहे है। सीमा पर चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। एसएसबी के 42वीं वाहिनी के कमांडेंट प्रवीण कुमार ने बताया कि रुपईडीहा सीमा चौकी पर चेकिंग के दौरान महिला उप निरीक्षक संगीता, आरक्षी संतोष व धर्मवीर को दो युवक व एक युवती आती दिखाई पड़ी। जवानों को देखकर युवकों ने युवती को समझा कर उससे दूरी बना ली।
संदेह होने पर जवानों ने उन्हें रोका और बात की तो पता चला कि दोनों युवक युवती को दिल्ली में नौकरी का झांसा देकर उसे बेचने के लिए ले जा रहे हैं। एसएसबी के अधिकारियों ने जब युवती के पिता से बात की तो उन्हें कुछ भी पता ही नहीं था। एसएसबी जवानों ने मानव तस्करी से मामला जुड़ा होने के कारण दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों युवकों की पहचान रावत निवासी करवे गांव पालिका वार्ड नंबर चार जिला दांग व गगन महर निवासी लगाई गांव पालिका वार्ड नंबर आठ के रूप में हुई।