यूपी के बहराइच में हरदी थाना क्षेत्र का ग्राम पंचायत सिकंदरपुर रविवार की सुबह बम धमाकों से गूंज उठा। खेतों में अचानक हुए तीन से चार धमाकों से ग्रामीण सहम गए और लाठी-डंडा लेकर खेत पहुंच गए। वहां मौजूद 40 से अधिक लोगों को घेर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक सुरेश्वर सिंह भी मौके पर पहुंचे।
अल्फा जियो लिमिटेड कंपनी के इंजीनियर व एरिया मैनेजर कुलदीप शर्मा ने बताया कि उन्होंने भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय से अनुमति ले रखी है। वह क्षेत्र में प्राकृतिक गैस व डीजल-पेट्रोल के स्रोतों की जांच कर रहे हैं। उनके पास से बरामद विस्फोटक द्वितीय श्रेणी का विस्फोटक अमोनियम नाइट्रेट है। इसका प्रयोग सर्वे में किया जाता है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में फरवरी माह में गृह सचिव व जिला प्रशासन से भी अनुमति ली गई थी। लेकिन, रविवार होने के चलते काम शुरू करने की जानकारी जिला प्रशासन को नहीं दे सके। इस गलती को हम स्वीकार करते हैं। सोमवार को सभी को जानकारी दी जाएगी।
गांव में विस्फोट होने की सूचना पर पहुंचे विधायक सुरेश्वर सिंह ने घटना को जिला प्रशासन की बड़ी चूक बताई। उन्होंने कहा कि प्रधान की सूचना पर गांव पहुंचे तो खेतो में विस्फोट लगा मिला। जानकारी पर पता चला कि कर्मियों ने तहसीलदार के साथ गाली गलौज की। वहीं डीएम-एसपी को सूचना देने के घंटो बाद भी मौके पर नहीं पहुंचे। एएसपी भी सूचना देने के डेढ़ घंटे बाद तक नहीं आए। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सैकड़ो किलो विस्फोटक मिलना चिंताजनक है।
सूचना पर पहुंचे एडीएम गौरव रंजन श्रीवास्तव व एएसपी ग्रामीण डीपी तिवारी ने घटनास्थल पर मिली सामग्री को सीज कर दिया। वहीं मौके पर पुलिस व पीएसी की तैनाती की गई। एडीएम गौरव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि कंपनी ने एसओपी का उल्लंघन किया है। कंपनी के कर्मियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं एसडीएम आलोक प्रसाद ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है, कंपनी के लोगों से जानकारी कर रहे हैं।