नानपारा के मुरव्वनपुरवा में पेड़ पर चढ़ा तेंदुआ।
शिवपुर/खैरीघाट (बहराइच)। शिवपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कोटवा के मजरा मुरव्वनपुरवा गांव के शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब राहगीरों ने पापुलर के पेड़ पर तेंदुए को बैठे देखा। तेंदुए देख राहगीर सहम गए और भागकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।
ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। वन क्षेत्राधिकारी नानपारा पीयूष श्रीवास्तव सुबह 11 बजे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तेंदुए को रेस्क्यू करने का प्रयास शुरू किया।
काफी मशक्कत के बावजूद रेस्क्यू अभियान में वन विभाग की टीम विफल रही और तेंदुआ ग्रामीण आजाद के खेत में लगे पाॅपुलर के पेड़ पर डटा रहा। ग्रामीण व वन कर्मी हांका लगाते रहे, लेकिन तेंदुए पर कोई फर्क नहीं पड़ा। इस दौरान वन विभाग की खानापूर्ति का आरोप लगा ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए, जिस पेड़ पर तेंदुआ बैठा था, उसे कटवा दिया। पेड़ कटते ही तेंदुआ नीचे गिर गया और फुर्ती के साथ वह दूसरे पेड़ पर चढ़कर बैठ गया। इस दौरान एक बार फिर ग्रामीणों व वन विभाग की टीम में तीखी नोकझोंक हुई। करीब 12 घंटे से जारी रेस्क्यू अभियान के दौरान तेंदुए को पकड़ा नहीं जा सका है। ग्रामीणों की सूचना पर विधायक नानपारा प्रतिनिधि अमन वर्मा भी मौके पर पहुंचे।
वन विभाग की टीम ने तेंदुए को जल्द पकड़ लेने की बात कही है। वहीं सैकड़ों की संख्या मेंं ग्रामीण भी मौके पर जमा रहे। खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू अभियान के दाैरान वन विभाग की टीम तेंदुए को नहीं पकड़ सकी।