बिजली की लाइन काटकर चोरी के बाद पड़ा कटा हुआ तार।
रुपईडीहा। सलीकाबाद के पास रविवार रात चोर हाईटेंशन लाइन का दो सौ मीटर तार काट ले गए। इससे सहाबा उपकेंद्र के आठ फीडरों से आपूर्ति ठप हो जाने से दो लाख लोगों की बिजली गुल हो गई। सोमवार देरशाम तक आपूर्ति न बहाल हो पाने से लोगों को भीषण गर्मी में पेयजल संकट से भी जूझना पड़ा।
सहाबाद उपकेंद्र से रंजीतबोझा, रुपईडीहा, बाबागंज, पटना कॉलोनी, आईसीपी, जमोग तथा दो कृषि फीडरों से दो लाख की आबादी को बिजली की आपूर्ति होती है। रविवार रात करीब 11 बजे सलीकाबाद के पास अज्ञात चोर हाईटेंशन लाइन का तार काटकर ले गए। इससे आठों फीडर ठप हो गए। अवर अभियंता शंभू दयाल ने बताया कि चोर लगभग 200 मीटर तार काटकर ले गए हैं। रात में जांच के लिए पहुंचे लाइनमैन को लाइन क्षतिग्रस्त मिली। विभागीय कर्मचारियों को मरम्मत कार्य में लगाया गया है। जल्द ही आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
तीन महीने में दूसरी बार वारदात
उन्होंने बताया कि इससे पहले 16 मार्च को भी इसी स्थान के आसपास रात में हाईटेंशन लाइन का तार काटकर चोरी किया गया था। उस मामले में नानपारा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। एक ही प्रकार की घटना का दोबारा होना विभाग के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।