बहराइच। शहर के दरगाह इलाके में बृहस्पतिवार देर रात होटल से काम खत्म कर घर लौट रहा युवक कीचड़ भरी सड़क पर फिसलकर गिर पड़ा। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मोहल्ला बक्शीपुरा निवासी नौशाद (40) शहर के एक होटल में काम करते थे। बृहस्पतिवार देर रात ड्यूटी पूरी करने के बाद वह पैदल घर लौट रहे थे। रास्ते में कीचड़ होने के कारण उनका पैर फिसल गया और वह सिर के बल सड़क पर गिर पड़े। इससे उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी रामाज्ञा सिंह ने बताया कि शव की जांच कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।