नवाबगंज। राजापुर गांव में बृहस्पतिवार को मजदूरी करने से मना करने पर दबंगों ने दो भाइयों को पीट दिया। हमले में दोनों भाई लहूलुहान हो गए। गांव निवासी महतव वर्मा ने थाने में तहरीर देकर बताया कि नंद किशोर, राम समुज, रतन और गुड्डू ने धान की रोपाई के लिए मजदूरी करने को कहा था। महतव ने दूसरे कार्यों में व्यस्त होने के कारण मजदूरी से इन्कार कर दिया। इससे आक्रोशित होकर आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। महतव की पिटाई होते देख छोटा भाई दद्दू बीच-बचाव के लिए पहुंचा तो दबंगों ने उसे भी पीट दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच। पुलिस ने घायलों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।