बहराइच मेडिकल कॉलेज में ओपीडी के बाहर लगी मरीज व तीमारदारों की भीड़।
बहराइच। तराई में लगातार बदल रहे मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सोमवार को सुबह बारिश होने के बावजूद मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही विभिन्न विभागों के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। दोपहर 12 बजे तक चिकित्सकों ने करीब 1540 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।
मेडिकल कॉलेज में सबसे अधिक भीड़ त्वचा रोग, हड्डी रोग और मेडिसिन विभाग में देखने को मिली। चिकित्ससों के अनुसार बारिश, उमस और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण वायरल बुखार, त्वचा संबंधी रोग, जोड़ों के दर्द तथा अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जांच के बाद मरीजों को दवाएं देने के साथ ही खानपान और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह भी दी जा रही है।
सीएचएस डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि रविवार को अवकाश होने के कारण सोमवार को सामान्य दिनों की तुलना में मरीजों की संख्या अधिक रही। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में आए सभी मरीजों का समय पर उपचार किया गया और किसी भी मरीज को बिना इलाज लौटाया नहीं गया।
उन्होंने लोगों से अपील की कि बदलते मौसम में भीगने से बचें, स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी का सेवन करें और बुखार, त्वचा संबंधी समस्या या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर स्वयं उपचार करने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।