बहराइच। अपराधियों पर शिकंजा कसने व आम जनमानस को सुरक्षा का अहसास दिलाने के लिए हाईवे पर की जा रही पेट्रोलिंग की पोल कैसरगंज में मिले जले हुए शव ने खोल दी। साक्ष्य मिटाने के लिए बाग में शव को जलाकर अपराधी फरार हो गए और पेट्रोलिंग का दावा करने वाली पुलिस सोती रह गई। शायद यही कारण रहा कि हाईवे से महज 500 मीटर दूरी पर जलते शव के बारे में पुलिस को भनक तक नहीं लग सकी और अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
कैसरगंज थाना क्षेत्र के बहराइच-लखनऊ हाईवे से मात्र 500 मीटर की दूरी पर अकबरपुर खुर्द गांव में एक अज्ञात युवक का शव जला पाया गया है। ग्राम प्रधान मोहम्मद हसीब की सूचना पर सुरक्षा का दावा करने वाली पुलिस को घटना की जानकारी हुई। पुलिस की ही मानें तो युवक को मृत अवस्था में लाया गया और पहचान छुपाने के लिए शव को जला दिया गया। हत्या के बाद पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग पर सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं। पुलिस के अनुसार कैसरगंज क्षेत्र में हाईवे पर डायल 112 के पीआरवी 1563 की तैनाती है, जिसको लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी मिली है। मगर पीआरवी के किसी पुलिस कर्मी ने मुख्यालय व थाने को इसकी सूचना तक नहीं दी। ऐसे में तमाम सवाल है जो पुलिस के गश्त व कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।