बिछिया-मिहीपुरवा मार्ग पर हुए हादसे में घायल लोगों को ले जाती एंबुलेंस। -संवाद
बिछिया। सुजौली के कारीकोट मेले से लौट रहे पांच युवकों की तेज रफ्तार कार शुक्रवार देर रात अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार सभी युवक घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी मिहींपुरवा भिजवाया।
मिहींपुरवा के बलई गांव निवासी अनिकेत, बबलू वर्मा, शिवम जायसवाल, सनी और शिवम गुप्ता शुक्रवार को कारीकोट मेला घूमने गए थे। देर रात करीब 11 बजे लौटते समय बिछिया-मिहींपुरवा मार्ग पर मोटे बाबा स्थान के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
हादसे की सूचना गश्त कर रहे वन कर्मियों ने सुजौली पुलिस को दी। थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिक जांच में चालक को झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में देर रात तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।