केडीसी में क्रिकेट मैच खेलते खिलाड़ी।-संवाद
बहराइच। किसान डिग्री कॉलेज के मैदान में शनिवार को केडीसी क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में हीरोज इलेवन और स्टार स्पोर्टिंग के बीच एक रोमांचक मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मुकाबले में हीरोज इलेवन ने 22 रनों से जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हीरोज इलेवन की टीम ने निर्धारित 25 ओवरों में 164 रन बनाए। टीम की ओर से प्रिंस श्रीवास्तव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 रन बनाए, जबकि जीशान ने 25 रनों का योगदान दिया। स्टार स्पोर्टिंग की ओर से प्रिंस और शेख खान ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार स्पोर्टिंग की टीम 24 ओवरों में 142 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से आशू और शेख ने 26-26 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में असफल रहे।
हीरोज इलेवन की ओर से गेंदबाजी में फराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट झटके, जबकि प्रिंस और फैज ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्रिंस श्रीवास्तव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।