बिछिया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के भरथापुर गांव के पास छह से अधिक गैंडों का झुंड दिखाई देने से ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों में खुशी है। कौड़ियाला नदी के कछार और घास के मैदान में गैंडों की मौजूदगी को क्षेत्र की जैव विविधता के लिहाज से अहम माना जा रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि गैंडों की संख्या बढ़ने के बाद इलाके में हाथियों की आवाजाही भी कम हुई है।
ग्रामीण जगदीश प्रसाद ने बताया कि गांव के पास नदी के कछार और घास के मैदान में गैंडों का झुंड बृहस्पतिवार को विचरण करता दिखाई दिया। उनके अनुसार, पहले हाथियों के झुंड किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाते थे, लेकिन अब क्षेत्र में उनकी आवाजाही कम हुई है। इससे किसानों को राहत मिली है।
वन्यजीव प्रेमियों का कहना है कि गैंडे और हाथी दोनों कतर्नियाघाट के प्रमुख वन्यजीव हैं। वहीं, वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक भरथापुर गांव के विस्थापन के बाद यहां की खाली होने वाली जमीन पर प्राकृतिक जंगल विकसित करने की योजना है। इससे जंगल का दायरा बढ़ेगा और गैंडे, बाघ, हाथी समेत अन्य वन्यजीवों को विचरण के लिए अतिरिक्त प्राकृतिक आवास मिल सकेगा।
गेरुआ पार के जंगल में प्रवास करते हैं गैंडे
वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि गेरुआ पार के जंगल में गैंडो का झुंड प्रवास करता है। यह गैंडे खाता कारीडोर के रास्ते नेपाल के रॉयल वर्दिया नेशनल पार्क से कतर्नियाघाट के जंगलों में आवाजाही करते हैं। उन्होंने कहा कि गैंडो का कतर्नियाघाट इलाके में मूवमेंट पर्यटन के लिहाज से भी सुखद संदेश है। उन्होने कहा कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।