निशानगाड़ा रेंज में शेट्ठी फाॅर्म के निकट विचरण करते हाथी।
बिछिया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज में बृहस्पतिवार शाम हाथियों के एक बड़े झुंड ने धान के खेतों में घुसकर किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। सेट्ठी फार्म, ग्राम पंचायत रमपुरवा में पहुंचे मलज्यूरिया ग्रुप के हाथियों ने कई खेतों में फसल रौंद दी। हाथियों का खेतों में घूमते हुए वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से हाथियों का झुंड रोज शाम जंगल से निकलकर खेतों की ओर आ रहा है। इससे धान की फसल को लगातार नुकसान पहुंच रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग और गजमित्रों की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
निशानगाड़ा के रेंजर शिव कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है। गजमित्रों के सहयोग से गांवों में मेगाफोन से मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। लोगों से शाम के बाद खेतों और जंगल की ओर न जाने तथा हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। वन विभाग ने बताया कि फसल क्षति का सर्वे कराया जाएगा और पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।