बहराइच मेडिकल कॉलेज में ओपीडी के बाहर लगी भीड़। -संवाद
बहराइच। तराई में मौसम के लगातार बदलते मिजाज का असर अब लोगों की सेहत पर साफ नजर आने लगा है। इसका सीधा असर मेडिकल कॉलेज की ओपीडी पर दिख रहा है, जहां मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बुधवार को दोपहर 12 बजे तक ही 1240 मरीजों का इलाज किया गया।
सुबह से ही परचा काउंटर और पैथालॉजी विभाग में मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। ओपीडी में भी भारी भीड़ रही, जिससे मरीजों को काफी देर तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। सबसे ज्यादा भीड़ मेडिसिन विभाग में देखने को मिली, जहां उल्टी-दस्त और पेट दर्द के मरीज बड़ी संख्या में पहुंचे।
मरीज रामलाल ने बताया कि दो दिन से पेट दर्द और उल्टी की शिकायत है, यहां आकर दिखाया तो डॉक्टर ने दवा दी है, अब कुछ राहत है। वहीं मरीज शबाना ने कहा कि मौसम बदलने के बाद से ही तबीयत खराब है, सुबह से लाइन में लकी हैं, भीड़ बहुत ज्यादा है।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एमएमएम त्रिपाठी ने बताया कि मौसम में बदलाव के चलते वायरल और पेट संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ी है। सभी मरीजों का समुचित इलाज किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर जांच भी कराई जा रही है, ताकि किसी को परेशानी न हो।