09 बीएचआर 15 - स्टोरी- फखरपुर में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की फोटो।
- फोटो : BAHRAICH
फखरपुर (बहराइच)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फखरपुर को बेहतर इलाज के मामले में जिले में पहला स्थान मिला है, लेकिन यहां पर न तो स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती है और न ही सर्जन की। एक्सरे टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट का पद भी खाली है। ऐसे में छोटी समस्या लेकर भी महिलाओं व बच्चों को जिला मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। क्षेत्र के लोग सुविधाओं को लेकर काफी परेशान हैं। ब्लड बैंक की भी सुविधा सीएचसी में नहीं है।
फखरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनऊ-बहराइच मार्ग के पास स्थित है। इस सीएचसी में हादसे के घायलों के साथ विभिन्न बीमारियों से ग्रसित लोगों को इलाज के लिए जाना पड़ता है। बेहतर इलाज करने के मामले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई रिपोर्ट में इसे जिले में पहला स्थान मिला। लेकिन यहां व्यवस्थाएं बिल्कुल नहीं हैं। खास बात है कि यह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, गर्भवती की जांच, टीकाकरण, नवजात शिशु का टीका, इलाज समेत अन्य मामलों में पहले स्थान पर रहा जबकि सीएचसी में पर्याप्त स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती ही नहीं है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रत्यूष सिंह ने बताया कि एक्सरे टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट का पद खाली है। इसके अलावा स्त्री रोग विशेषज्ञ, सर्जन और बाल रोग विशेषज्ञ नहीं तैनात हैं। जिससे बच्चों व महिलाओं को इलाज के लिए जिला मुख्यालय या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का चक्कर लगाना पड़ता है। वहीं अस्पताल में ब्लड बैंक की स्थापना नहीं है। जिससे क्षेत्र के लोगों को ब्लड देने के लिए जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज का रुख करना पड़ता है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए क्या-क्या सुविधाएं हैं।
फखरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला चिकित्सक डॉ. मारिया की तैनाती है। डॉ. मारिया के ऊपर ही विकास खंड क्षेत्र से आने वाली महिलाओं के इलाज का जिम्मा है। इससे बेहतर इलाज का सपना संजोये महिलाओं को समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
स्त्री रोग विशेषज्ञ- 00
बाल रोग विशेषज्ञ-00
फार्मासिस्ट- 00
एक्सरे टेक्नीशियन- 00
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर में एक्सरे टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट समेत अन्य पद खाली हैं। इसकी सूचना मिली है। जल्द ही रिक्त पदों पर स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती कर बेहतर इलाज सुविधा मुहैया करायी जाएगी।
डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव सीएमओ